पथरिया - दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर प्रदेश में संजीवनी क्लीनिक चलाने की तैयारी मध्य प्रदेश सरकार द्वारा की गई थी जिसके लिए मध्य प्रदेश में कई संजीवनी क्लीनिक के लिए राशि जारी कर भवन बनाने की स्वीकृति प्रदान हुई थी। उसी कड़ी में दमोह जिले के लिए भी तीन संजीवनी क्लिनिक की उपलब्धि सरकार से प्राप्त हुई थी जिनमें दमोह हटा व पथरिया शामिल था। जिसके बाद दमोह व हटा में तो संजीवनी क्लीनिक का निर्माण होने के बाद लोकार्पण भी हो चुके।
लेकिन आज दिनांक तक नगर परिषद पथरिया की उदासीनता के चलते पथरिया में टेंडर प्रक्रिया होने के उपरांत एवं जगह चिन्हित होने के उपरांत भी अब तक संजीवनी क्लीनिक का निर्माण नहीं हो पाया हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में संजीवनी क्लिनिक के लिए टेंडर प्रक्रिया भी संपन्न हो चुकी थी इस संजीवनी क्लीनिक का निर्माण करीब 22 लाख रुपए की लागत से पथरिया के वार्ड क्रमांक 15 में होना तय किया गया था। लेकिन नगर परिषद पथरिया की उदासीनता के चलते आज तक पथरिया की जनता को सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ नहीं मिल सका, राशि होने के बावजूद भी आखिर निर्माण कार्य किस वजह से रुका हुआ है यह भी अधिकारियों द्वारा साफ तौर पर जाहिर नहीं किया जा रहा है अब सवाल यह उठता है कि आखिर राशि प्राप्त होने व टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण होने के बावजूद भी अभी तक संजीवनी क्लीनिक का निर्माण क्यों रुका हुआ है। जबकि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना से आम जन समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी कई प्रकार के लाभ प्राप्त हो सकते थे जानकारी के अनुसार संजीवनी क्लीनिक में सामान्य ओपीडी परामर्श, की जांच और टीकाकरण और संक्रामक बीमारियों के इलाज की सेवाएं सम्मिलित हैं इनमें कैंसर, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसे गंभीर रोगों की जांच की सुविधा भी रहेगी, वहीं संजीवनी क्लीनिक में 68 प्रकार की निःशुल्क जांच होंगी और 120 तरह की दवाएं मुफ्त मिलने की जानकारी सामने आई है। लेकिन स्थानीय निकाय के उदासीन रवैए और हीलाहवाली के चलते आज भी संजीवनी क्लिनिक का निर्माण पथरिया में नहीं हो सका।
इनका कहना है
संजीवनी क्लीनिक का निर्माण पथरिया के वार्ड क्रमांक 15 में होना था, जिसके राशि भी स्वीकृत हो गई थी, पिछले वर्ष टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण हो गई थी। लेकिन यह कार्य नगर परिषद पथरिया के जिम्मे है, अभी तक संजीवनी क्लीनिक निर्माण क्यों नहीं हो पाया इसका जवाब नगर परिषद पथरिया के अधिकारी ही दे पाएंगे। लेकिन अगर यहां संजीवनी क्लीनिक का निर्माण हो जाता है तो आम जनता के लिए यह बहुत ही लाभदायक होगा।
सीबीएमओ डॉ. ई. मिंज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया
0 टिप्पणियाँ