पथरिया ( दमोह ) नगर के स्टेशन चौराहा, संजय चौराहे यूनियन बैंक एवं स्टेट बैंक के सामने नगर परिषद के आसपास वाली एवं प्रायः सभी मुख्य सड़कों पर बड़े व छोटे वाहनों की आवाजाही और मुख्यतः हार्डवेयर की दुकानों के सामने वाहनों को नियम विरुद्ध कहीं भी खडा कर दिया जाता है जिस कारण दिन-प्रतिदिन ट्राफिक व्यवस्था प्रभावित होती रहती है। और इसके कारण यहां ट्रैफिक जाम लगना आम हो गया है। हर दिन लगने वाला जाम शहर की मुख्य समस्या बन गया है। चरमराती ट्रैफिक व्यवस्था के कारण अपने व्यक्तिगत कार्य करवाने के लिए सरकारी कार्यालयों में पैदल आने-जाने वालों के लिए वाहनों की आवाजाही इस मुख्य सड़क पर विकराल समस्या बन गई है।
मुख्य बाजार में पैदल चलना वर्तमान परिस्थिति में किसी चुनौती से कम नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का इस मुख्य सडक़ के साथ जुड़े होने के कारण कई बार स्वास्थ्य विभाग से संबंधित एंबुलैंस जैसी जीवन रक्षक सेवाएं भी बाजार में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या के कारण प्रभावित होती हैं। बाजार की इस मुख्य सडक़ पर ट्रैफिक जाम लगने में बड़े वाहनों को इधर-उधर खड़े कर देना ही मुख्य कारण है। अक्सर बाजार में मालवाहक वाहन खड़े रहते हैं, जो ट्रैफिक जाम की समस्या को और अधिक बढ़ा देते हैं। अव्यवस्थित ट्रैफिक को निंयत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी भी अपनी सेवाएं देते कम ही नजर आते हैं। उल्लेखनीय है कि शहर की अव्यवस्थित ट्रैफिक समस्या प्रशासनिक अधिकारियों की आंखों के सामने प्रतिदिन आती है, लेकिन फिर भी अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। लोगों का मानना की अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था के कारण मुख्य बाजार में किसी अनहोनी घटना उपरांत ही प्रशासनिक अधिकारियों की आंखों का पर्दा हटेगा। शहर के बुद्धिजीवी वर्ग ने मांग की है कि दिन के समय मुख्य बाजार में बड़े वाहन जो सड़क किनारे खड़े किए जाते हैं उन पर पाबंदी की जाए, एवं कई दुकानों का जो सड़क की ओर पसराव बढता जा रहा है उस पर भी नगर और पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यवाही की जानी चाहिए ताकि इस ट्राफिक समस्या से निजात मिल सके।
0 टिप्पणियाँ